
आगरा के पिनाहट क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बसई अरेला गांव में निर्माणाधीन मकान में रखी बंदूक अचानक चल जाने से ट्यूशन पढ़ने आए 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बसई अरेला निवासी ओम शर्मा के निर्माणाधीन मकान में उनका बेटा आकाश बच्चों को ट्यूशन पढ़ाता है। फसल की सुरक्षा के लिए बुलाए गए शिकारियों की बंदूक मकान के अंदर रखी हुई थी। शनिवार शाम ट्यूशन के दौरान कुछ बच्चों की नजर बंदूक पर पड़ी। बच्चे उसे देखने लगे, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। हादसे में मोहित प्रजापति नाम के छात्र की जांघ में छर्रे लग गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायल छात्र को तुरंत इलाज के लिए आगरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सूचना मिलने पर एसीपी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस के अनुसार, अभी तक परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।









