
चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां कुएं में उतरे तीन मजदूरों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मजदूर कुएं में सबमर्सिबल पंप निकालने के लिए उतरे थे
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शहाबगंज थाना क्षेत्र के किडीहरा गांव की है। बताया जा रहा है कि मजदूर कुएं में सबमर्सिबल पंप निकालने के लिए उतरे थे। इसी दौरान कुएं के अंदर जहरीली गैस फैलने से चारों मजदूर उसकी चपेट में आ गए।
आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई
जहरीली गैस के प्रभाव से मजदूरों की हालत बिगड़ गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद राहत और बचाव की कार्रवाई शुरू की गई। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है।
पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई है। हादसा किस वजह से हुआ और कुएं में जहरीली गैस कैसे बनी, इसकी जांच की जा रही है।









