
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। रुद्रप्रयाग जिले के बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस भयावह दुर्घटना में मौके पर ही 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव टीमों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह बोलेरो वाहन पोखरी क्षेत्र से सवारियों को लेकर रांसी की ओर जा रहा था। रास्ते में बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर वाहन चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा समाई। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस बल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायलों तथा मृतकों के शवों को खाई से बाहर निकाला।
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले चारों यात्रियों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया है, वहीं गंभीर रूप से घायल हुए 4 अन्य लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गया है।








