
भोपाल/नई दिल्ली। शादी के महज पांच महीने बाद ससुराल में हुई ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत के मामले ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यह मामला दिन-ब-दिन इतना पेचीदा होता जा रहा है कि हर रोज होने वाले नए खुलासे लोगों को हैरान कर रहे हैं। लगातार उठ रहे सवालों और परिवार के विरोध के बीच, मौत के 13 दिन बाद आखिरकार आज ट्विशा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दूसरे पोस्टमार्टम के बाद मिली सहमति
ट्विशा के शव का इतने दिनों तक अंतिम संस्कार नहीं हो पाने की मुख्य वजह उसके मायके पक्ष का वह आरोप था, जिसमें कहा गया था कि ट्विशा की सास और पति के रसूख के चलते मामले के सही तथ्यों को सामने नहीं रखा गया। परिवार की मांग पर कराए गए दूसरे पोस्टमार्टम के बाद अब अंतिम संस्कार का रास्ता साफ हुआ है।
भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर होगा अंतिम संस्कार
ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने बताया कि आज शाम 5:00 बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट पर उनकी बहन की अंतिम क्रियाएं पूरी की जाएंगी। वहीं, जब उनसे पूछा गया कि क्या समर्थ सिंह का परिवार भी अंतिम संस्कार में शामिल होगा, तो उन्होंने भावुक अंदाज में कहा, “यह कोई न्योता देने का काम नहीं होता। जिसकी श्रद्धा होगी, वह आएगा।”
पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर परिवार ने उठाए सवाल
दूसरे पोस्टमार्टम से पहले ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा ने शनिवार (23 मई) को दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड को एक विस्तृत पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने पहले पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर कई गंभीर सवाल उठाए। परिवार ने बोर्ड से अनुरोध किया कि मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच की जाए तथा फॉरेंसिक, पैथोलॉजिकल और रेडियोलॉजिकल तरीकों को शामिल करते हुए बहु-विषयक दृष्टिकोण अपनाया जाए। उनका कहना था कि पहली जांच के दौरान कई अहम पहलुओं की पर्याप्त पड़ताल नहीं की गई। हालांकि, परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि यह पत्र बोर्ड को प्रभावित करने के लिए नहीं, बल्कि उन आशंकाओं से अवगत कराने के लिए लिखा गया है, जिनके कारण दूसरे पोस्टमार्टम की मांग उठी।
पति समर्थ सिंह ने पूछताछ में खोले कई राज
उधर, 10 दिनों तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने पुलिस पूछताछ में कई नए तथ्य उजागर किए हैं। अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पूछताछ के दौरान समर्थ ने दावा किया कि प्रेग्नेंसी के बाद ट्विशा का व्यवहार पूरी तरह बदल गया था। उसने बेंगलुरु जाने से इनकार कर दिया था और अपनी बाई (नौकरानी) के साथ अजमेर में रहने की जिद कर रही थी। समर्थ के अनुसार, इसी बात को लेकर उन दोनों के बीच तीखी बहस भी हुई थी। पुलिस फिलहाल इन सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।









