
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां निगोही थाना क्षेत्र के हर्रेया गांव में दो किशोरियों के शव एक ही पेड़ की डाल पर अलग-अलग दुपट्टों के फंदे से लटके हुए मिले। इस खौफनाक घटना के बाद से पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है और हर कोई अस्मंजस में है। मृतकाओं की पहचान 17 वर्षीय किरन और 15 वर्षीय नैना के रूप में हुई है, जो रिश्ते में ममेरी और फुफेरी बहनें होने के साथ-साथ बहुत अच्छी सहेलियां भी थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, किरन और नैना रोज की तरह सोमवार की सुबह घर से टहलने के लिए निकली थीं। जब काफी देर तक दोनों वापस नहीं लौटीं, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान खेत पर गए ग्रामीणों ने गांव के बाहर शिवकुमार के खेत में खड़े जामुन के पेड़ की करीब 10 फीट ऊंची डाल पर दोनों के शव लटके हुए देखे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।
परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी और रात तक घर में सब कुछ बिल्कुल सामान्य था। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इस मामले को आत्महत्या करार दिया है, लेकिन दोनों किशोरियों ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी कोई पुख्ता वजह अभी तक सामने नहीं आई है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि दोनों के मोबाइल फोन पर प्राइवेसी लॉक लगा हुआ है, जिसे खोलने और मामलों की गहराई से जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है।









