
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री, राम मोहन नायडू किंजरापु ने आज चौधरी चरण सिंह अंतराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ान यात्री कैफे का ई-उद्घाटन किया। टर्मिनल 3 के चेक-इन हाल में स्थित यह कैफे, यात्रियों को मात्र 10 रुपये से शुरू अल्प आहार व पेय पदार्थ प्राप्त होंगे। यह पहल सरकार के विमानन क्षेत्र में किफ़ायत बढ़ाने के उद्देश्य के अनुरूप है और ‘उड़ान’ (उड़े देश का आम नागरिक) कार्यक्रम को पूरक करती है।
इस अवसर पर बोलते हुए नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु ने कहा “आज उड़ान यात्री कैफे के उद्घाटन के साथ हम यात्रियों के रोज़मर्रा के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठा रहे हैं। उड़ान यात्री कैफे हवाई यात्रा को सभी के लिए आसान, सुलभ और आधुनिक भारत की जरूरतों के अनुरूप बनाने की हमारी सोच को दिखाता है। किफ़ायती दामों पर पानी, पेय पदार्थ, नाश्ता और मिठाइयों जैसी ज़रूरी खाद्यपेय वस्तुएँ उपलब्ध कराकर यह पहल यात्रियों की बुनियादी ज़रूरत को पूरा करती है। हमें भरोसा है कि उड़ान यात्री कैफे हर यात्री को सुविधा और किफ़ायत देगा।

लखनऊ एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उड़ान यात्री कैफे की शुरुआत यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल यात्रियों के लिए हवाईअड्डे पर उपलब्ध सेवाओं को और अधिक सुलभ व किफायती बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उड़ान यात्री कैफे के शुरुआत के साथ, यात्री अब उन कीमतों पर उच्च गुणवत्ता वाले अल्प आहार का आनंद ले सकते हैं जो उड़ान को और अधिक किफ़ायती बनाने के सरकार के मिशन के अनुरूप हैं।









