
ऊधम सिंह नगर: गदरपुर पुलिस ने रोडवेज बस पर पथ्थर मारकर हमला करने वाले 4 युवकों को गिरफ्तार कर ऐसा सबक सिखाया कि क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने आरोपियों को पहले गिरफ्तार किया और फिर शहर की सड़कों पर घुमाकर सभी से माफी दिलवाई, जिससे पुलिस की कार्यवाही की लोगों ने प्रशंसा की। आरोपियों को बाद में न्यायालय से रिमांड लेकर जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को रोडवेज बस चालक शारदा शंकर ने थाना गदरपुर में तहरीर दी कि अज्ञात व्यक्तियों ने बस में तोड़फोड़ की और चालक के साथ मारपीट की। इस घटना से यात्रियों में डर का माहौल बन गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे घटना के दिन मोटरसाइकिल पर घूम रहे थे और शराब सेवन के बाद रोडवेज बस द्वारा ओवरटेक किए जाने पर विवाद उत्पन्न हुआ। गुस्से में आकर उन्होंने बस को रोककर गाली-गलौज, तोड़फोड़ और फिर केलाखेड़ा-रत्नामड़ैया क्षेत्र में लाठी-डंडों से बस को क्षतिग्रस्त किया।
घटना के दौरान बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे, लेकिन सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की है।
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया कि अराजकता, हुड़दंग और कानून से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों के लिए कोई स्थान नहीं है। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से क्षतिपूर्ति भी कराई जाएगी। पुलिस का उद्देश्य अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास बनाए रखना है।









