
उधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद महिला के परिजनों ने गुस्से में शव को नानकमत्ता कोतवाली के मुख्य गेट पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला सिद्ध गांव, नानकमत्ता का है। कुछ दिन पहले एक परिवार ने अपनी लड़की के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी। जांच में पता चला कि गांव का ही बंटी नामक युवक लड़की को अपने साथ ले गया था। हालांकि, लड़की बाद में अपने घर लौट आई।
इस मामले में फरार चल रहे बंटी की तलाश के लिए 28 मार्च को नानकमत्ता पुलिस उसके घर पहुंची। परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान पुलिस के धक्के से बंटी की बुजुर्ग दादी गिर गई और उनके सिर पर गंभीर चोट लग गई, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मृतका के शव को थाने के गेट पर रखकर धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जाए।
उधमसिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने इस मामले में नानकमत्ता कोतवाली के चार पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है और निष्पक्ष जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।









