पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान,चंद्रशेखर और ओवैसी के गठबंधन पर उठाए सवाल

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कई तीखे और राजनीतिक रूप से अहम बयान दिए हैं। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर पलटवार करते हुए बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इस गठबंधन का कोई विशेष अस्तित्व नहीं है, क्योंकि दोनों दलों की विचारधाराएं एक-दूसरे से पूरी तरह अलग हैं।

उन्होंने आगे कहा कि भले ही अभी यह चर्चा में हो, लेकिन इन दोनों नेताओं का तालमेल लंबे समय तक टिकेगा ऐसा बिल्कुल नहीं लगता। आने वाले समय में क्या राजनीतिक समीकरण बनते हैं, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन फिलहाल यह गठबंधन बहुत ज्यादा गंभीर या प्रभावी साबित नहीं होने वाला है। इसके साथ ही उन्होंने देश और समाज के इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि जब कानपुर में पहले दंगे होते थे, तो सबसे पहले वाल्मीकि समाज डटकर उनका मुकाबला करता था। इतिहास इस बात का साक्षी है कि यह समाज हमेशा राष्ट्र के साथ खड़ा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान यूजीसी (UGC) के एक सवाल पर बेबाक अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इसका समर्थन नहीं करते हैं और यूजीसी न कभी था और न ही आएगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह के इन बयानों ने एक बार फिर सियासी पारा गर्मा दिया है।

Related Articles

Back to top button