
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को तकनीक से जोड़ने और डिजिटल हेल्थ व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए योगी सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, उत्तर प्रदेश (ABDM UP) के बेहतर क्रियान्वयन, तकनीकी सुदृढ़ीकरण, प्रशासनिक समन्वय और मंडल स्तर पर कार्यक्रमों की गति बढ़ाने के लिए कुल 25 रिक्त पदों पर संविदा के आधार पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है।
किन पदों पर होगी भर्ती?
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव रितु माहेश्वरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल और डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर लगातार जोर दे रहे हैं। इसी क्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन को प्रमुख योजनाओं में शामिल किया गया है।
भर्ती के तहत वित्त सलाहकार का एक, शिकायत निवारण विशेषज्ञ का एक, प्रशासनिक कार्यकारी के तीन, परियोजना प्रबंधक-समन्वय का एक, आईओआईसी विशेषज्ञ का एक, ईएमआर/पीएचआर विशेषज्ञ का एक, क्षमता निर्माण अधिकारी का एक, मंडलीय समन्वयक के नौ, समन्वय कार्यकारी के चार, संयुक्त निदेशक-आईटी का एक और आईटी कार्यकारी के दो पद शामिल हैं। इस तरह तकनीकी, प्रशासनिक और मंडलीय स्तर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग श्रेणियों में मानव संसाधन जोड़ा जाएगा।
16 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
सचिव ने बताया कि भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 25 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू हो चुकी है और अभ्यर्थी 16 अक्टूबर की रात 12 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। पूरी भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। किसी भी पद के लिए ऑफलाइन, हार्ड कॉपी या ई-मेल से आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थियों को तय किए गए ऑनलाइन माध्यम से ही आवेदन करना होगा।
भर्ती से जुड़ा विस्तृत विज्ञापन और जरूरी जानकारी ABDM UP की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है। बता दें कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन का मकसद डिजिटल माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय और सुरक्षित डिजिटल स्वास्थ्य इकोसिस्टम तैयार करना है।









