
Uttar-Pradesh: गर्मी के मौसम में आजकल आग का कहर ज्यादातर देखने को मिल रहा हैं। ग्रामीण इलाकों में आग का तांडव इस कदर फैल रहा हैं, आग के कहर से किसानेों की फसलें जलकर राख हो रही हैं, वहीं आग का कहर शहरों में भी मडरा रहा हैं।
बता दें, लखनऊ के बाद आज गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित कनावनी गांव में गुरुवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते करीब 150 से अधिक झुग्गी-झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
बता दें, गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रभावित क्षेत्र में कबाड़ (स्क्रैप) का काम होता है, जिसके चलते आग तेजी से फैली। उन्होंने कहा कि मौके पर तुरंत 7 दमकल की गाड़ियां लगाई गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।
डीएम ने बताया कि स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है और आग के दोबारा फैलने की कोई संभावना नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक किसी के लापता होने या हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। हालांकि, यदि किसी व्यक्ति के लापता होने की शिकायत सामने आती है, तो प्रशासन द्वारा विस्तृत सर्वे कराया जाएगा।
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मौके पर एंबुलेंस भी तैनात कर दी है और पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। राहत कार्य को तेज करने के लिए अतिरिक्त टीमें भी लगाई गई हैं।
इधर, इस घटना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गंभीरता से लिया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य में तेजी लाने और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और इलाके में सुरक्षा एवं राहत कार्य लगातार जारी है।









