UP : BSF भर्ती परीक्षा का पेपर लीक का आरोप, परीक्षा केंद्र पर मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सीमा सुरक्षा बल (BSF) कांस्टेबल भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद परीक्षा केंद्र के बाहर परीक्षार्थियों ने जमकर हंगामा और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जिससे मौके पर स्थिति बेहद तनावपूर्ण बनी हुई है।

पूरा मामला कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित श्याम नगर के MD इन्फोटेक सेंटर का है। बताया जा रहा है कि बुधवार को प्रथम पाली में BSF कांस्टेबल पद के लिए ऑनलाइन/ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा प्रक्रिया के दौरान ही अचानक अभ्यर्थियों के बीच पेपर लीक होने की खबर फैल गई। देखते ही देखते परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर हड़कंप मच गया।

आक्रोशित अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर एकजुट होकर नारेबाजी की और धांधली के गंभीर आरोप लगाते हुए परीक्षा रद्द करने की मांग की। अभ्यर्थियों का कहना है कि व्यवस्था पूरी तरह से लचर थी। फिलहाल हंगामे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं।

Related Articles

Back to top button