यूपी कैबिनेट ने आगरा-लखनऊ और गंगा एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले लिंक एक्सप्रेसवे को दी मंजूरी

Agra Lucknow Expressway. उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए नए लिंक एक्सप्रेसवे (ग्रीनफील्ड) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि यह परियोजना बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है।

मंत्री खन्ना के अनुसार यह लिंक एक्सप्रेसवे 90 किलोमीटर लंबा होगा, जो इटावा के ताखा स्थित कुदरैल गांव से शुरू होकर फर्रुखाबाद के रास्ते हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। परियोजना की अनुमानित लागत 7,488.74 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य 548 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और निर्माण के बाद इसे 5 वर्षों तक मेंटेन करने की जिम्मेदारी भी दी जाएगी।

यह एक्सप्रेसवे 6 लेन का फील्ड नियंत्रित होगा और जरूरत पड़ने पर इसे 8 लेन तक विकसित किया जा सकेगा। परियोजना के तहत चार दीर्घ सेतु, 25 लघु सेतु, दो रेलवे ओवरब्रिज, एक फ्लाईओवर और 65 अंडरपास का निर्माण भी होगा। एक्सप्रेसवे के किनारे 3.75 मीटर चौड़ी सर्विस लेन भी बनाई जाएगी।

यातायात और आर्थिक विकास में मदद

इस लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से मेरठ, प्रगयराज, आगरा और राजस्थान के लिए सफर आसान होगा। साथ ही फर्रुखाबाद में स्थित बाबा नीम करौरी धाम और बौद्ध तीर्थ स्थल संकिसा तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

स्थानीय लोगों और व्यापार को लाभ

इस परियोजना से इटावा, कन्नौज, मैनपुरी, फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर के लोगों को सबसे अधिक लाभ होगा। लिंक एक्सप्रेसवे पूरा होने के बाद फर्रुखाबाद और आसपास के जिलों के व्यापार को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से ग्रामीणों ने पहले ही इस लिंक एक्सप्रेसवे की मांग की थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।

Related Articles

Back to top button