UP : CM योगी ने वितरित किया स्मार्टफोन और टैबलेट, बोले- आज का दिन सुशासन दिवस के रूप में अहम…

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन के दौरान सपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा 2017 के पहले नियुक्तियों में गड़बड़ी होती थी, एक खानदान, एक वंश के लोग वसूली किया करते थे, माफिया व्यापारियों की संपत्ति पर कब्जा कर लेते थे लेकिन 2017 के बाद बिना भेदभाव के भर्तियां हो रही है और माफियाओं की संपत्ति पर बुलडोजर चल रहा है।

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म-जयंती (25 दिसंबर) के उपलक्ष में शनिवार को एक करोड़ मुफ्त स्मार्टफोन और टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत की। शनिवार को लखनऊ में भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी इकाना स्टेडियम में अंतिम वर्ष के छात्रों को एक लाख स्मार्टफोन और टैबलेट बांटे गए। इस अवसर पर भारत सरकार में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान समेत यूपी के उप मुख्यमंत्री और भाजपा के दूसरे वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दौरान युवा छात्र-छात्राओं की जनसभा को भी सम्बोधित किया। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुए सभी छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए अपने सम्बोधन की शुरुआत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अटल जी और मदन मोहन मालवीय को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दोनों ही महापुरुषों ने देश की सेवा की। उन्होंने अटल जी की स्मृतियों को नमन करते हुए आगे कहा कि लखनऊ अटल जी की कर्मभूमि रही है, अटल जी की प्रेरणा हमें दिशा देती है और आज का दिन सुशासन दिवस के रूप में अहम है।

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन के दौरान सपा पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा 2017 के पहले नियुक्तियों में गड़बड़ी होती थी, एक खानदान, एक वंश के लोग वसूली किया करते थे, माफिया व्यापारियों की संपत्ति पर कब्जा कर लेते थे लेकिन 2017 के बाद बिना भेदभाव के भर्तियां हो रही है और माफियाओं की संपत्ति पर बुलडोजर चल रहा है। सीएम योगी ने युवाओं को सम्बोधित हुए आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा युवा हैं और सभी 75 जनपद के बच्चे यहां आए हैं। जब कोरोना की त्रासदी चल रही थी तो लॉकडाउन के दौरान कोटा में फंसे बच्चों को हमने उनके घर पहुंचाया था।

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन के दौरान आगे कहा कि उनकी सरकार युवाओं को डिजिटली सशक्त करने के लिए तत्पर है और इस क्रम में उन्होंने 1 करोड़ छात्र-छात्राओं को स्मार्टफोन और टैबलेट देने का लक्ष्य रखा है जो उन्हें जल्द ही दिया जाएगा। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार में युवा खिलाड़ियों को भी विशेष सम्मान मिल रहा है और इस अवसर पर उन्होंने ने मीराबाई चानू को भी सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button