
लखनऊ. उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर अब तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा नोटबंदी में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई, रुपया काला-सफेद नहीं होता, लेनदेन काला-सफेद होता है। यूपी में भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं तोड़ दी गईं, जनता को परेशान करने के लिए नोटबंदी की। सभी संस्थाओं को BJP ने खत्म कर दिया। नोटबंदी से बड़े व्यापारियों को फायदा हुआ।
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने मंगलवार को ‘समाजवादी इत्र’ नाम से परफ्यूम लॉन्च किया। इस दौरान सपा एमएलसी पुष्पराज जैन ने कहा कि इस परफ्यूम से 2022 में नफरत खत्म हो जाएगी। इस इत्र को कन्नौज से सपा एमएलसी पम्मी जैन ने तैयार किया है।
सपा एमएलसी ने बताया कि इस इत्र को तैयार करने में 2 वैज्ञानिकों को 4 महीने का समय लिया। इसकी खास बात ये है कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक इस इत्र में 22 प्राकृतिक इत्र का उपयोग किया गया है। आप इसको यूज करेंगे तो आपको समाजवाद की सुगंध महसूस होगी, भाईचारा महसूस होगा और कन्नौज की मिट्टी का भी इसमें उपयोग किया गया।
उन्होंने बताया कि 22 खुशबुओं का इसलिए मेल किया गया क्योंकि नफरत की आंधी जो फैली हुई है, उसे ये इत्र खत्म करके प्रेम का माहौल बनाने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि एक और प्राकृतिक इत्र को बनाने की तैयारी हो रही है जो 2024 में लॉन्च होगा जो 2024 में पूरे देश में नफरत की फैली आंधी को हटाने का काम करेगी।
इस दौरान अखिलेश यादव ने भूख हड़ताल पर बैठे अमेठी से सपा विधायक राकेश प्रताप सिंह से एक अपील भी की। उन्होंने कहा राकेश से अपील है कि भूख हड़ताल खत्म करें। स्वस्थ्य होकर लड़ने की तैयारी करें। शिवपाल यादव से गठबंधन पर अखिलेश यादव ने कहा चाचा से फोन में बात होती है, सपा सभी का पूरा सम्मान करेगी।
वहीं मतदाता सूची पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा मतदाता सूची का जो प्रकाशन हुआ, 21,56,262 नए मतदाता जोड़े गए। वोटर लिस्ट से 16,42,756 नाम काटे गए। मतदाता सूची में जोड़े गए और हटाए गए नामों की सूची नहीं। सूची का प्रकाशन नहीं किया गया, जरूरत पड़ी तो चुनाव आयोग के खिलाफ धरना देंगे।