UP : 9 बार बिजली के झटके दिए, फिर पिलाया जहर, पति के सामने प्रेमी संग बनाए संबंध, पत्नी ने इंसानियत की सारे हदें की पार

मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक कलयुगी पत्नी ने अपने अवैध संबंधों में बाधा बन रहे पति की बेहद क्रूरता और बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात में पत्नी ने न केवल अपने प्रेमी (जो रिश्ते में पति का भतीजा लगता है) का साथ लिया, बल्कि अपनी बहन और उसके प्रेमी को भी इस खूनी साजिश में शामिल किया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी सहित सभी चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

अवैध संबंधों का विरोध करने पर रची खूनी साजिश

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक पवन ठाकुर मझोला के कुंदनपुर क्षेत्र में रहते थे और मूल रूप से मैनाठेर के निवासी थे। साल 2020 में उनकी शादी संभल जिले की रहने वाली आंचल से हुई थी, जिससे उनकी दो साल की एक बेटी भी है। लगभग दो साल पहले आंचल का प्रेम प्रसंग पवन के चचेरे भाई के बेटे (रिश्ते में भतीजे) अंकित से शुरू हुआ। करीब एक साल पहले जब पवन को इस अवैध संबंध की भनक लगी, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया और आंचल को समझाने का प्रयास किया। लेकिन आंचल पर इश्क का भूत इस कदर सवार था कि उसने रास्ते से हटाने के लिए अपने मायके जाकर पति की हत्या का पूरा ताना-बाना बुन डाला।

9 बार बिजली के झटके दिए, फिर पिलाया जहर

पुलिस की गहन तफ्तीश और आरोपियों के कबूलनामे से जो सच सामने आया, उसने खाकी को भी चौंका दिया। योजना के मुताबिक, आंचल ने गुरुवार को पवन को फोन कर घर बुलाया। जैसे ही पवन रात करीब 10 बजे घर पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे आंचल, उसके प्रेमी अंकित, बहन शिखा और बहन के प्रेमी दिवाकर उर्फ अजय ने पवन को दबोच लिया। चारों ने मिलकर पहले पवन को एक चारपाई से बांध दिया और फिर उन्हें बिजली के तार से करीब 9 बार रोंगटे खड़े कर देने वाले झटके (इलेक्ट्रिक शॉक) दिए। जब करंट से भी पवन की जान नहीं निकली, तो आरोपियों ने पानी में जहर मिलाकर उन्हें जबरन पिला दिया।

सांसें थमने तक घर में ही रहे आरोपी, चोट के निशानों से खुला राज

पवन की मौत सुनिश्चित करने के बाद पत्नी आंचल ने उनके शव के सामने ही अपने प्रेमी के साथ अमर्यादित कृत्य किया। वारदात को अंजाम देने के बाद अन्य आरोपी आंचल को घर में ही छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद आंचल ने नाटक रचते हुए पवन की बहनों को फोन कर उनकी तबीयत खराब होने की झूठी सूचना दी। पवन को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस को शव पर बिजली के झटके और चोट के 9 गंभीर निशान मिले, जिससे हत्या का शक गहरा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में करंट और जहर की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आंचल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर पूरी खूनी दास्तान उगल दी।

पहले ही जता दी थी हत्या की आशंका

इस मामले का एक और दुखद पहलू यह है कि मृतक पवन ठाकुर को अपनी जान के खतरे का अहसास पहले ही हो चुका था। कुछ महीने पहले ही उन्होंने अपनी बहनों से कहा था कि यदि उनकी कभी अचानक मौत हो जाए, तो उसे आत्महत्या न समझा जाए, बल्कि वह एक हत्या ही होगी। हालांकि, उन्होंने कभी स्पष्ट रूप से अपनी पत्नी का नाम नहीं लिया था। पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और मामले की कानूनी पैरवी तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button