यूपी सरकार ग्रेटर नोएडा में आयोजित करेगी इंटरनेशनल ट्रेड शो, मंत्री जयवीर सिंह ने दी जानकारी

जयवीर सिंह ने यह भी बताया कि ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोमार्ट में पर्यटन विभाग के स्टॉल से प्रदेश के विभिन्न टूरिज्म डेस्टिनेशन सहित अन्य जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।

नई दिल्ली में आयोजित किये जाने वाले ट्रेड शो की तर्ज पर यूपी सरकार ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2024) के दूसरे सीजन का आयोजन करने जा रही है। जिसका शुभारंभ 25 सितंबर होगा और 29 सितंबर 2024 तक चलेगा। इसमें अन्य विभागों के जैसे उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग भी प्रतिभाग करेगा। जिसके तहत भव्य मंडप में प्रदेश की आध्यात्मिक-धार्मिक, सांस्कृति, प्राकृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। इस बात की जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।

विभिन्न पर्यटन स्थलों का किया जाएगा प्रचार-प्रसार

मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि पर्यटन विभाग के स्टाल पर आगंतुकों को प्रयागराज में अगले साल जनवरी माह में लगने वाले महाकुंभ-2025, प्रदेश में उभरते हुए वेडिंग डेस्टिनेशन, यूपी पर्यटन नीति-2022 के लाभ व इसके तहत तैयार नई इकाइयों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा यूपी नहीं देखा, तो इंडिया नहीं देखा के स्लोगन को आगे रखते हुए प्रदेश के धार्मिक-आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों, वाइल्ड लाइफ, इको टूरिज्म, बौद्ध सर्किट, जैन सर्किट, सूफी सर्किट और बुंदेलखंड के रोमांचक तथा आकर्षक पर्यटन स्थलों का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।

अयोध्या में इस बार भी मनाया जाएगा भव्य दीपोत्सव

जयवीर सिंह ने बताया कि अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं और पर्यटकों का बड़ी संख्या में आगमन हो रहा है। पर्यटन विभाग ने हालिया आंकड़े के अनुसार मौजूदा साल के शुरुआती छह माह में अयोध्या पहुंचने वालों की संख्या 11 करोड़ के करीब रही। अयोध्या में हर वर्ष की भांति इस साल भी दीपोत्सव भव्य, दिव्य तरीके से मनाने की तैयारी है। UPITS 2024 में अयोध्या को प्रमुखता से दर्शाया जाएगा।

UPITS 2024 में महाकुंभ को दिखाया जाएगा प्रमुखता से

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने यह भी बताया कि ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपोमार्ट में पर्यटन विभाग के स्टॉल से प्रदेश के विभिन्न टूरिज्म डेस्टिनेशन सहित अन्य जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में महाकुंभ-2025 को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। ट्रेड शो में यूपी के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों एवं सांस्कृतिक विविधता की मार्केटिंग एवं ब्राण्डिंग भी की जायेगी।

Related Articles

Back to top button