
लखनऊ. सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर की पार्टी में बड़ी फूट देखने को मिल रही है। सुभासपा उपाध्यक्ष महेंद्र राजभर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। महेंद्र राजभर के साथ ही 30 अन्य बड़े पदाधिकारियों ने पार्टी से इस्तीफा दिया है। महेंद्र राजभर ने सुभासपा अध्यक्ष ओपी राजभर पर गंभीर आरोप लगाये हैं। बता दें, महेंद्र राजभर ओम प्रकाश राजभर के बहनोई हैं।
सुभासपा से इस्तीफा देने के बाद महेंद्र राजभर ने पार्टी अध्यक्ष ओपी राजभर पर निशाना साधा है। महेंद्र राजभर ने कहा ओपी राजभर अपने रास्ते से भटक गए हैं, पार्टी में कार्यकर्ताओं का सम्मान नहीं हो रहा है, मुख्तार अंसारी से राय लेकर पार्टी में फैसले लिये जा रहे हैं। इस्तीफा देने वाले ये सभी पदाधिकारी ओपी राजभर और मुख्तार के संबंधों को लेकर नाराज है।
महेंद्र राजभर के साथ ही 30 अन्य बड़े पदाधिकारियों का एक साथ इस्तीफा ओपी राजभर के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वहीं महेन्द्र राजभर की बगावत पर अरुण राजभर ने भारत समाचार से कहा कि सुभासपा एक पाठशाला की तरह है। यहां सीखने के बाद जब लोगों को बड़ी डिग्री लेने की आकांक्षा जागती है तो इस तरह के कदम उठाते हैं। हालांकि उन्होने यह भी कहा है कि हम नाराज पधादिकारियों से बात कर अगर कोई नाराजगी है तो दूर करेंगे।