
डिजिटल डेस्क: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा लीक मामले में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी सरकार ने बड़ा निर्देश जारी करते हुए पूरे प्रदेश के छात्रों को बड़ी खुशखबरी दी है। लीक के दावों के बाद सिपाही भर्ती परीक्षा रद्द करते हुए सीएम योगी ने शनिवार यानी 24 फरवरी को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। इस पोस्ट में उन्होंने भर्ती परीक्षा को दुबारा करवाने के तारीख पर भी खुलासा किया है। बता दें, परीक्षा के लीक होने का आरोप लगाकर पूरे प्रदेश में छात्र जमकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनकी मांग थी कि इस एग्जाम को फिर से करवाया जाए। सीसे में इस मामले के गंभीरता को समझते हुए आज यूपी सरकार ने अपना फैसला सुनाया है।
दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई
अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि, “उत्तर प्रदेश में पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर चयन के लिए आयोजित परीक्षा-2023 को निरस्त किया जाता है। इसके साथ ही आगामी 6 महीने के भीतर ही दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया है। इस बार परीक्षाओं की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता है। युवाओं की मेहनत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी तय है। इस दौरान सीएम योगी ने समीक्षा अधिकारी/ सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) परीक्षा- 2023 की भी जांच की बात कही है।
गौरतलब है कि बीते 17 और 18 फरवरी को उत्तर प्रदेश के 75 जिलों में पुलिस भर्ती परीक्षा का आयोजन हुआ था। इस परीक्षा में 48 लाख से ज्यादा छात्रों ने भाग लिया। जिसमें इस एग्जाम से जुड़े पेपर लीक होने की खबरें सामने आईं थीं। अब इसी मामले में UP के मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड यानी UPPRPB को आदेश दिया है कि वह अगले 6 महीने में कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए दोबारा परीक्षा को आयोजित करे। योगी सरकार के इस फैसले के बाद अब छात्रों में भी जश्न का माहौल दिख रहा है।









