
उत्तर प्रदेश। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में खौफ पैदा करने के लिए पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’ लगातार जारी है। पिछले 24 घंटों के भीतर गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ और औरैया में हुई मुठभेड़ों में पुलिस ने मासूम से दरिंदगी करने वाले आरोपी, लुटेरों और गौ-तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।
गाजियाबाद: 7 वर्षीय मासूम से दरिंदगी करने वाला दरिंदा गिरफ्तार
इन्दिरापुरम पुलिस ने नीतिखंड क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और चोरी करने वाले शातिर अपराधी अल्फाजुद्दीन उर्फ ‘भालू’ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बीती 15/16 अप्रैल की रात आरोपी ने सो रही बच्ची को अगवा कर उसके साथ जघन्य वारदात को अंजाम दिया था और 11 हजार रुपये लेकर फरार हो गया था। कनावनी पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और चोरी की रकम बरामद की है। आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
कानपुर: महिला से लूट करने वाला शातिर लुटेरा दबोचा
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 23 मार्च को हुई लूटकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की थी। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
मेरठ: गौ-तस्करों पर पुलिस का प्रहार, कुख्यात शाहरुख घायल
मेरठ के थाना भावनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां किनानगर मोड़ के पास हुई मुठभेड़ में कुख्यात गौ-तस्कर शाहरुख घायल हो गया। हाल ही में भावनपुर क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना के बाद से पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। आरोपी के पास से अवैध हथियार और गौकशी में इस्तेमाल होने वाला औजार बरामद किए गए हैं। घायल शाहरुख को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
औरैया: कोल्ड ड्रिंक कारोबारी से लूट का खुलासा, 3 गिरफ्तार
औरैया में पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने अछल्दा रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश 17 अप्रैल को कारोबारी बृजेश गुप्ता से हुई लूट में शामिल थे। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए 2.60 लाख रुपये, लैपटॉप, मोबाइल और अवैध तमंचे बरामद किए हैं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस इन तक पहुंचने में कामयाब रही।
पुलिस का कहना है कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।









