
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बहुचर्चित कारोबारी शिवा शर्मा हत्याकांड मामले में यूपी एसटीएफ ने एक बार फिर अपनी पेशेवर दक्षता का लोहा मनवाते हुए पुलिस महकमे की साख बचा ली है। लगातार पुलिस को चकमा दे रही 50 हजार की इनामी शातिर आरोपी और मॉडल श्रद्धा दुबे को एसटीएफ ने महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। इस हाई-प्रोटेक्टेड और सनसनीखेज मामले में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठ रहे थे, जिसके बाद एसटीएफ के मैदान में उतरते ही शिकंजा कस गया।
बताया जा रहा है कि करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की बेरहमी से हत्या करने के बाद से यह शातिर आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रही थी। लखनऊ से नेपाल और फिर नेपाल से वापस आकर लखनऊ व आगरा समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में फरारी काट रही श्रद्धा दुबे इतनी बेखौफ थी कि उसने फरार रहने के दौरान मीडिया को इंटरव्यू भी दिए थे। शुरुआती दौर में स्थानीय पुलिस की सुस्ती और कथित संरक्षण को लेकर पुलिस महकमे की काफी किरकिरी और फजीहत हुई थी। हालांकि, जैसे ही मामले की कमान एसटीएफ को सौंपी गई, सर्विलांस और खुफिया तंत्र सक्रिय हो गए और नागपुर में दबिश देकर उसे धर दबोचा गया।
बता दें, इस सफल ऑपरेशन के बाद यूपी एसटीएफ के एडीजी अमिताभ यश ने भारत समाचार पर लाइव आकर इस पूरी गिरफ्तारी का सनसनीखेज खुलासा किया और बताया कि कैसे शातिर अपराधी को ट्रैक किया गया। गिरफ्तार श्रद्धा दुबे को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है, जहां बुधवार को उसे स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा। इस गिरफ्तारी से हत्याकांड के पीछे छिपे अन्य बड़े चेहरों और वसूली गैंग के नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।









