बारिश के चलते लखनऊ शिफ्ट हुए UP T-20 लीग के प्लेऑफ मुकाबले,खिलाड़ियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता : डॉ. संजय कपूर

कानपुर। कानपुर में लगातार हो रही बारिश और मौसम की स्थितियों को देखते हुए यूपी टी-20 लीग सीजन-4 पावर्ड बाई Vimal Elaichi और NCS के आगामी प्लेऑफ व फाइनल के मैचों को कानपुर से लखनऊ स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है।

अब लीग के प्लेऑफ और फाइनल मैच पूर्व निर्धारित तिथियाँ में लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने इस बारे में कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि लीग प्रबंधन के लिए खिलाड़ियों के हित, सभी टीमों को समान एवं खेल के लिए बेहतर स्थितियां देना और मैचों की गुणवत्ता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि कानपुर में लगातार बारिश से मैचों को पूरा कराना संभव नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण खेल व खिलाड़ियों की प्रतिभाओं पर असर पड़ रहा है। ऐसे में प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण और निर्णायक मैचों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का समान और उचित अवसर मिलना अत्यंत आवश्यक है।

हमने आने वाले दिनों में मौसम के पूर्वानुमान का अवलोकन किया जिसमें कानपुर में लगातार बारिश दिखाई जा रही है। उपरोक्त परिस्थितियों को देखते हुए प्लेऑफ के मैच व फाइनल को लखनऊ में स्थानांतरित करने का निर्णय बड़े भारी मन से लिया गया है।

डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यह निर्णय किसी एक टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हित में लिया गया है। लगातार बारिश के कारण गीली आउटफील्ड से खिलाड़ियों के लिए चोट का जोखिम बढ़ सकता है।

उन्होंने आगे कहा कि मौसम के कारण मैचों के बार-बार बाधित होने और देर रात तक छोटे प्रारूप में मुकाबले समाप्त होने से खिलाड़ियों पर पड़ने वाली शारीरिक एवं मानसिक थकान को भी ध्यान में रखा गया है। हमारी निगाह में प्लेऑफ में पहुंचने वाली सभी टीमों को अपनी पूरी क्षमता के साथ प्रदर्शन करने के लिए बेहतर स्थितियां मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लीग प्रबंधन का प्रयास है कि प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण मैचों में खिलाड़ियों को पूरे 20 ओवर खेलने का अवसर मिले, दर्शकों को निर्बाध क्रिकेट का आनंद और टीमों को अपनी रणनीति एवं क्षमता का पूरा प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच मिल सके।

उन्होंने आगे बताया कि प्लेऑफ मैच व फाइनल मैच पूर्व निर्धारित तिथियों में यथावत लखनऊ में आयोजित होंगे।

यूपी टी-20 लीग प्रबंधन ने कहा कि कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और सभी सहयोगी संस्थाओं से मिले समर्थन के लिए वह आभार व्यक्त करता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह व अन्य मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button