
UP Weather: मौसम का मिजाज बदल गया हैं। सर्द मौसम के साथ ही बारिश भी होगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी में शनिवार को गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस बारिश और बादलों के कारण दिन के तापमान में तात्कालिक तौर पर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी जा सकती है। वही शुक्रवार को दिनभर धूप रही, जिससे सुबह और शाम की ठंड में कमी आई, लेकिन शनिवार को मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को बारिश और हवाओं की वजह से दिन के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। वहीं, रात के तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि शनिवार को बारिश खत्म होने के बाद अगले 48 घंटों में मौसम की स्थितियां सामान्य हो जाएंगी और तापमान पहले जैसा हो जाएगा।
शुक्रवार का मौसम
बता दें कि, शुक्रवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 0.3 डिग्री की मामूली बढ़त के साथ 26.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री की गिरावट के साथ 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में हल्की गर्मी और ठंडक का संतुलन बना रहा।
इसी के साथ नोएडा में शुक्रवार को दिनभर बारिश हुई तो वहीं देर रात में बारिश के साथ ओले भी गिरे। बारिश और ओले गिरने से पारा गिर गया है और ठंड बढ़ गई।
राजधानी में मौसम में बदलाव
ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद शनिवार को राजधानी में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे तात्कालिक तौर पर तापमान में गिरावट आएगी। हालांकि, यह स्थिति केवल कुछ दिनों के लिए होगी और उसके बाद तापमान में सामान्य स्थिति लौट आएगी।









