
UP Weather Update: उत्तर प्रदेश समेत सहित पूरा उत्तर भारत हाड़ कंपाने वाली ठंड की चपेट में है। बुधवार को ठंड से कुछ राहत मिली थी। लेकिन गुरुवार को पारा चार डिग्री नीचे पहुंच गया। कानपुर और चुर्क तीन डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहे। जबकि मेरठ में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री और मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को घने कोहरे, शीतलहर, शीत दिवस और पाला गिरने का अलर्ट जारी किया है।
29 जनवरी तक राहत नहीं
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पछुआ हवाएं चल रही है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। जिसकी वजह से 29 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने, कोल्ड डे और घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने मुजफ्फरनगर, बागपत, आगरा, एटा, बिजनौर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, सुल्तानपुर, अमेठी, गौतम बुद्ध नगर, जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।









