
UP Weather Update: भीषण तपती गर्मी से आम जीवन अस्त व्यस्त है। आसमान से आग बरस रही है। एसी कूलर कुछ भी काम नहीं कर रहा है। झांसी में तो पिछले 26 साल का रिकॉर्ड टूट गया। यहां शनिवार को 48.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गाय। इससे पहले 20 मई, 1998 को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार को भी आसमान से आग बरस रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार से मौसम बदलेगा। गोरखपुर और बस्ती मंडल के लगभग सभी जिलों में बारिश की संभावना है। शुक्रवार को देवीपाटन, अयोध्या मंडल और आजमगढ़ मंडल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसका असर लखनऊ के आसपास भी देखने को मिलेगा। लखनऊ में 30 मई से दो जून तक बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। जिससे अधिकतम तापमान में थोड़ी बहोत गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग की माने तो मुताबिक, कानपुर सिटी और इटावा में 45 डिग्री, हरदोई में 44.5 डिग्री, प्रयागराज में 44.6 डिग्री, उरई और हमीरपुर में 46.2 डिग्री, अलीगढ़ में 44.8 डिग्री और बुलंदशहर में 46 डिग्री तापमान रहेगा। इसके साथ ही अगले दो दिनों तक 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। तापमान में लगातार हो रही बढ़ोत्तरी को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है।
मंडलायुक्त डॉ रोशन जैकब ने सभी विभागों से गर्मी और लू से बचने के लिए इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के मरीजों के लिए अलग कमरे और डॉक्टरों को चौबीस घंटे मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। दवाओं और एंबुलेंस में वह सभी व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं, जिससे गर्मी से अचानक बीमार पड़े मरीजों को राहत पहुंचाई जा सके।









