UPSC Result 2025: अनुज अग्निहोत्री बने ऑल इंडिया टॉपर, 958 उम्मीदवारों का चयन

UPSC Result : Anuj Agnihotri becomes All India topper, 958 candidates selected. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने शुक्रवार को सिविल सेवा परीक्षा 2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल कर ऑल इंडिया टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर आकांश धुल रहे। इस परीक्षा के माध्यम से देश की शीर्ष प्रशासनिक सेवाओं के लिए कुल 958 उम्मीदवारों का चयन किया गया है।

UPSC की सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन अंतिम चयन बहुत सीमित संख्या में उम्मीदवारों का ही होता है। इस वर्ष भी कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर शीर्ष स्थान हासिल किए हैं।

टॉप 10 में इन उम्मीदवारों ने बनाई जगह

इस वर्ष जारी टॉप-10 सूची में अनुज अग्निहोत्री पहले स्थान पर रहे। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर आकांश धुल हैं। इसके अलावा राघव झुनझुनवाला, ईशान भटनागर, जीनिया अरोड़ा, ए आर राजा मोहद्दीन, पक्षल सेक्रेटरी, आस्था जैन और उज्जवल प्रियांक भी शीर्ष दस सफल उम्मीदवारों में शामिल हैं। इन सभी अभ्यर्थियों ने कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच सफलता हासिल की है।

कब हुई थी परीक्षा?

सिविल सेवा परीक्षा 2025 की प्रक्रिया कई चरणों में पूरी की गई। प्रारंभिक परीक्षा 25 मई 2025 को आयोजित की गई थी। इसके बाद मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच आयोजित हुई। मुख्य परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अंतिम चरण यानी पर्सनैलिटी टेस्ट (इंटरव्यू) के लिए बुलाया गया।

पर्सनैलिटी टेस्ट की प्रक्रिया 5 जनवरी 2026 से शुरू होकर 27 फरवरी 2026 तक चली। मुख्य परीक्षा में सफल होने वाले कुल 2736 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया था। इन सभी चरणों के पूरा होने के बाद अब आयोग ने अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

IAS, IPS और IFS के लिए चयन

यूपीएससी की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक इस साल कुल 958 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया गया है। इनमें 180 उम्मीदवार भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा 150 उम्मीदवार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में जाएंगे, जबकि 55 उम्मीदवारों का चयन भारतीय विदेश सेवा (IFS) के लिए किया गया है।

IAS के 180 पदों में से 74 पद अनारक्षित वर्ग के लिए निर्धारित हैं। इसके अलावा 28 पद अनुसूचित जाति (SC), 13 पद अनुसूचित जनजाति (ST), 47 पद अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और 18 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए आरक्षित हैं।

जल्द जारी होंगे अभ्यर्थियों के अंक

UPSC ने यह भी जानकारी दी है कि अंतिम परिणाम घोषित होने के बाद सफल और असफल सभी उम्मीदवारों के अंक जल्द ही आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। आमतौर पर परिणाम घोषित होने के लगभग 15 दिनों के भीतर उम्मीदवारों के अंक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाते हैं।

Related Articles

Back to top button