UPSSSC PET 2026 की आवेदन तिथि बढ़ी, अब 7 सितंबर तक भर सकेंगे फॉर्म; 10वीं पास से लेकर ग्रेजुएट तक सभी के लिए मौका

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से यूपी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा यानी यूपी पीईटी 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले यह तारीख एक सितंबर 2026 तय थी, लेकिन अब जिन उम्मीदवारों ने अब तक फॉर्म नहीं भरा है, वे सात सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। यह परीक्षा उत्तर प्रदेश में लेखपाल, वीडीओ, फॉरेस्ट गार्ड और समूह ‘ग’ की विभिन्न भर्तियों के लिए पहली सीढ़ी मानी जाती है।

कौन कर सकता है आवेदन?

यूपी पीईटी में आवेदन के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। जो छात्र अंतिम तिथि तक 10वीं की परीक्षा पास कर लेंगे, वे भी आवेदन के पात्र होंगे। उम्र की बात करें तो एक जुलाई 2026 को आधार मानते हुए अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम 40 साल से कम होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के मुताबिक ऊपरी उम्र में छूट दी जाएगी।

ऐसे पूरा करें आवेदन

आवेदन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR करना होगा। इसके बाद परीक्षा के लिए पंजीकरण कराना होगा, फिर संबंधित श्रेणी के हिसाब से शुल्क भरना होगा और आखिर में फॉर्म का प्रिंट आउट निकालकर सुरक्षित रखना होगा।

किसे कितनी फीस देनी होगी?

परीक्षा में जनरल और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को 185 रुपये, एससी और एसटी वर्ग को 95 रुपये, जबकि दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों को महज 25 रुपये शुल्क देना होगा। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जा सकेगा। परीक्षा से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं या ऑफिशियल ब्रोशर पढ़ सकते हैं।

Related Articles

Back to top button