
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET 2026) का परिणाम बुधवार को आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है। 19 लाख से अधिक पंजीकृत अभ्यर्थियों वाली इस विशाल परीक्षा का परिणाम नॉर्मलाइजेशन (तुलनात्मक मूल्यांकन) प्रक्रिया का पालन करते हुए तैयार किया गया है। परीक्षार्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट upessc.up.gov.in पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने जानकारी दी कि परीक्षा में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तरों को मिलाकर 13 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल हुए हैं। प्राथमिक स्तर (कक्षा 01 से 05) में शामिल 7,13,648 अभ्यर्थियों में से 80.07 प्रतिशत यानी 5,71,435 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 06 से 08) में 10,57,021 अभ्यर्थियों में से 71.85 प्रतिशत यानी 7,59,513 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है।
इसके अतिरिक्त, कार्यरत शिक्षकों के नतीजों में भी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। प्राथमिक स्तर पर 76.29 प्रतिशत (93,387) और उच्च प्राथमिक स्तर पर 77.45 प्रतिशत (1,13,384) कार्यरत शिक्षक सफल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि UPTET 2026 की लिखित परीक्षा 02, 03 और 04 जुलाई 2026 को प्रदेश के 60 जनपदों के 955 केंद्रों पर कुल 05 पालियों में पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ आयोजित की गई थी।









