
Up News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज स्टार्टअप इंडिया की नई धड़कन बनकर उभर रहा है। सरकारी नीतियों से आईटी सेक्टर में त्वरित वृद्धि से स्टार्टअप इकोसिस्टम को नया आयाम मिला है, और प्रदेश की सरकार युवाओं को जॉब क्रिएटर बनाने में जुटी है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 18568 सक्रिय स्टार्टअप कार्यरत हैं, जिनमें लगभग 8000 महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं।
प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति की तेजी से वृद्धि हो रही है, जिससे न केवल युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं, बल्कि स्थानीय क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। उत्तर प्रदेश के आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स नीतियों ने स्टार्टअप्स को नई दिशा दी है, और नोएडा, ग्रेटर नोएडा, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर जैसे शहरों में आईटी आधारित स्टार्टअप का विकास तेजी से हो रहा है।
प्रदेश के विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान अब नवाचार के केंद्र बन चुके हैं, जो स्टार्टअप परिदृश्य में अपनी पहचान बना रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ठोस स्टार्टअप नीति और सरकार के समर्थन से उत्तर प्रदेश अब उद्यमिता का मजबूत गढ़ बन चुका है, और आने वाले समय में यह राज्य स्टार्टअप का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा।









