
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ‘बीज बम अभियान सप्ताह’ का शुभारंभ किया। इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘हिमालयी जन सरोकार’ पुस्तक का भी विमोचन किया। बता दें, 9 से 15 जुलाई तक ‘बीज बम अभियान सप्ताह’ चलाया जा रहा है। सीएम धामी ने कहा जन भागीदारी से ही अभियान बड़ा बनता है। जन सहभागिता से ही अभियान सफल होता है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिमालय पर्यावरण जड़ी-बूटी एग्रो संस्थान द्वारा द्वारिका प्रसाद सेमवाल के नेतृत्व में बीज बम अभियान की शुरूआत कर सराहनीय कार्य किया जा रहा है। यह मानव एवं वन्यजीव संघर्ष को कम करने की दिशा में सराहनीय कदम है। समय के साथ जैव विविधता प्रभावित हो रही है। जंगली जानवरों को जंगलों में खाद्य की उपलब्धता हो, इस दिशा में बीज बम अभियान एक अच्छा प्रयोग है। यह वैज्ञानिक तरीके से चलाया जा रहा अभियान है, जिसमें खर्चा भी बहुत कम है।
सीएम ने कहा कि कोई भी अभियान जन भागीदारी से ही बड़ा अभियान बनता है। सरकार द्वारा चलाये जा रहे अभियान तभी सफल होते हैं, जब उनमें अधिक से अधिक जन सहभागिता हो। उन्होंने कहा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्द्धन कर क्या दे सकते हैं, इस बारे में सबको गम्भीरता से सोचना होगा एवं इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ने की जरूरत है।









