
काशीपुर. भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश प्रशिक्षण विभाग द्वारा आज से तीन दिवसीय प्रादेशिक प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया। वर्ग के प्रथम दिन का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक एवं प्रदेश महामंत्री संगठन अजय के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रशिक्षण वर्ग के दौरान होने वाले सत्रों पर प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
काशीपुर में बाजपुर रोड स्थित होटल गौतमी हाइट्स में भाजपा के तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का वंदे मातरम गीत के साथ उद्घाटन किया गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रशिक्षण वर्ग के बारे में बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कुल 14 सत्र होंगे। जिसमें भाजपा से सैद्धांतिक, वैचारिक, मोदी सरकार की दूरगामी परिणाम वाली नीतियों, भाजपा की कार्य पद्धति सहित केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों की जानकारियां प्रशिक्षण का हिस्सा होंगे। प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन अजय जी ने भारतीय जनता पार्टी की कार्यपद्धति को समझाते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की बारीकियां बतायी।
भारतीय जनता पार्टी ने प्रशिक्षण को अपना महत्वपूर्ण अंग बनाया है। उन्होंने कहा कि राज्य में पार्टी स्तर पर 252 मंडलों में प्रशिक्षण पूर्ण किया जा चुका है। आने वाले दिनों में जिला और मोर्चा स्तर पर प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। तीन दिवसीय चलने वाले इस प्रादेशिक शिविर में कुल 14 सत्र होंगे और प्रत्येक दिन के अंत में चर्चा सत्र का आयोजन किया जाएगा जिसमें पूरे दिन की कार्यप्रणाली पर चर्चा होगी। इस प्रशिक्षण शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रतिभाग करेंगे।









