
डेस्क: उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। देहरादून जिले की 409 ग्राम पंचायतों में खेल मैदानों को नए सिरे से विकसित करने की तैयारी है। ग्राम्य विकास विभाग ने इस दिशा में प्रक्रिया तेज कर दी है। योजना के तहत गांवों में लंबे समय से बदहाल पड़े खेल मैदानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि ग्रामीण युवाओं को खेल के लिए बेहतर अवसर मिल सकें।
विभाग की ओर से जिले की सभी ग्राम पंचायतों को जल्द से जल्द खेल मैदानों के विकास से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इन प्रस्तावों के आधार पर बजट स्वीकृत कराया जाएगा और मैदानों के विकास का काम शुरू किया जाएगा।
मैदानों में बनेंगे रनिंग ट्रैक और चेंजिंग रूम
योजना के तहत खेल मैदानों का समतलीकरण कराया जाएगा। इसके साथ ही मैदानों की सुरक्षा के लिए चारदीवारी बनाई जाएगी। खिलाड़ियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रनिंग ट्रैक, चेंजिंग रूम और आधुनिक शौचालयों का निर्माण भी प्रस्तावित है।
इसके अलावा खिलाड़ियों को खेल से जुड़ी जरूरी सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें खेल किट, गोल पोस्ट, नेट और जिम उपकरण शामिल हैं। इन सुविधाओं के विकसित होने से ग्रामीण युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा।
409 ग्राम पंचायतों को मिलेगा लाभ
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, देहरादून जिले के छह विकासखंडों में कुल 409 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें कई पंचायतों के पास बड़े खुले मैदान उपलब्ध हैं, लेकिन रखरखाव की कमी के कारण उनकी स्थिति खराब हो गई है। कहीं झाड़ियां उग आई हैं तो कहीं मैदान ऊबड़-खाबड़ हो चुके हैं। अब इन स्थानों को खेल गतिविधियों के अनुकूल बनाने की तैयारी है।
जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों और शहरों तक पहुंच की कमी के कारण अपनी क्षमता का पूरा प्रदर्शन नहीं कर पाते। पंचायतों से मिलने वाले प्रस्तावों के आधार पर खाली पड़े मैदानों को सुविधायुक्त खेल केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा।
विभाग का लक्ष्य है कि आने वाले कुछ महीनों में प्रस्तावों की तकनीकी स्वीकृति पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। इससे ग्रामीण युवाओं को अपने गांव में ही खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सकेगा।
इस योजना से देहरादून के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने और स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।









