
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में LPG सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और किल्लत को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। इसी क्रम में वाराणसी में NSUI छात्रों का एक अनोखा प्रदर्शन उस समय चर्चा में आ गया, जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई करते हुए उनका सामान जब्त कर लिया और कई छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर दिया।
दरअसल, NSUI के छात्र काशी विद्यापीठ मार्ग पर नाले की गैस से चूल्हा जलाकर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे थे। इसके लिए उन्होंने नाले के पास टेबल लगाकर गैस चूल्हा रखा और पाइप के जरिए नाले से गैस जोड़ने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए चूल्हा, सिलेंडर समेत अन्य सामान जब्त कर लिया। पुलिस ने दो छात्र नेताओं को मौके से हिरासत में भी लिया। इस मामले में छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ यातायात बाधित करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में केस दर्ज किया गया है।
सिगरा इंस्पेक्टर संजय मिश्रा के अनुसार, इस मामले में ऋषभ पांडेय, आशीष मौर्या, रंजीत सेठ, किशन निगम, भरतलाल निगम और जतिन पटेल समेत अन्य पर कार्रवाई की गई है। वहीं किशन और भरतलाल का शांति भंग में चालान किया गया है।
इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में पुलिस और छात्रों के बीच तीखी बहस देखी जा सकती है, जिसमें पुलिस अधिकारी छात्रों को यातायात बाधित करने का हवाला देकर हटने के लिए कहते नजर आ रहे हैं। वहीं छात्र यह कहते दिख रहे हैं कि वे सड़क पर नहीं बल्कि नाले के पास खड़े हैं।
दूसरे वीडियो में पुलिस कर्मी सिलेंडर और चाय बनाने के बर्तन अपने वाहन में रखते नजर आ रहे हैं। इस कार्रवाई को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जहां कुछ लोग पुलिस के कदम को सही ठहरा रहे हैं तो कुछ इसे लेकर तंज कस रहे हैं।
फिलहाल, इस घटना के बाद वाराणसी में LPG किल्लत को लेकर विरोध और पुलिस कार्रवाई दोनों ही चर्चा का विषय बने हुए हैं।









