
डेस्क : हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मौसमी चटर्जी के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनके पति जयंत मुखर्जी का 13 नवंबर को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि जयंत मुखर्जी पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है।
बता दे कि जयंत मुखर्जी फिल्म निर्माण और संगीत की दुनिया से जुड़े हुए थे। उन्होंने भले ही अपनी पत्नी मौसमी चटर्जी की तरह सार्वजनिक जीवन में ज्यादा सक्रियता नहीं दिखाई, लेकिन फिल्म और टेलीविजन इंडस्ट्री में उनकी अपनी पहचान थी।
फिल्म और टेलीविजन जगत में रहा योगदान
जयंत मुखर्जी के प्रोडक्शन से जुड़ी फिल्मों में 1975 में रिलीज हुई ‘मजाक’ और 1979 में आई ‘दो लड़के दोनों कड़के’ शामिल हैं। इसके अलावा 1992 में प्रसारित टेलीविजन सीरियल ‘तलाश’ से भी उनका जुड़ाव रहा। फिल्म निर्माण के जरिए उन्होंने मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) के बीएन तिवारी ने मीडियोा से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की है।
हेमंत कुमार की संगीत विरासत से था जुड़ाव
जयंत मुखर्जी का संबंध एक प्रतिष्ठित संगीत परिवार से था। वह मशहूर गायक और संगीतकार हेमंत कुमार के बेटे थे। हेमंत कुमार ने भारतीय संगीत जगत में अपनी खास पहचान बनाई थी। जयंत मुखर्जी ने भी फिल्म और टेलीविजन निर्माण के माध्यम से इस पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाया।
50 साल से ज्यादा पुराना था मौसमी चटर्जी से रिश्ता
मौसमी चटर्जी और जयंत मुखर्जी की शादी को पांच दशक से अधिक समय हो चुका था। मौसमी ने कम उम्र में ही अभिनय की दुनिया में कदम रखा था और इसी दौरान जयंत मुखर्जी के साथ विवाह किया था। दोनों की दो बेटियां हुईं। हालांकि, उनकी बड़ी बेटी का साल 2019 में निधन हो गया था।
बंगाली फिल्मों से शुरू हुआ था मौसमी का सफर
मौसमी चटर्जी ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बंगाली फिल्म ‘बालिका वधू’ से की थी। इसके बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में कई यादगार फिल्मों के जरिए अपनी मजबूत पहचान बनाई। हिंदी और बंगाली, दोनों फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने काम किया। अभिनय के अलावा मौसमी चटर्जी ने राजनीति में भी अपनी किस्मत आजमाई।
जयंत मुखर्जी के निधन से मौसमी चटर्जी के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पांच दशक से अधिक समय तक साथ निभाने वाले जीवनसाथी के जाने से उनके परिवार में शोक का माहौल है।









