
भारत में शादी के सीजन में दुल्हनें अक्सर अपनी एंट्री और स्टेज परफॉर्मेंस से सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरती हैं, लेकिन गाजियाबाद में एक नई दुल्हन ने अपने अनोखे अंदाज से सभी को चौंका दिया। शादी के बाद महिला संगीत की रस्म के दौरान एक दुल्हन ने घूंघट ओढ़कर गिटार बजाते हुए गाना गाया, और यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
गाजियाबाद के मोहम्मदपुर कदीम की रहने वाली तान्या सिंह ने शादी के बाद अपने इस विशेष पल को सबके साथ साझा किया। तान्या ने गिटार बजाते हुए एक प्यारा सा गाना गाया और बीच-बीच में मुस्कुराते हुए अपना घूंघट भी हल्का सा खींचा। उनका यह वीडियो न केवल उनकी सिंगिंग और गिटार स्किल्स की तारीफ कर रहा है, बल्कि उनकी प्यारी मुस्कान और अद्भुत आवाज ने लोगों का दिल भी जीत लिया।
तान्या पेशे से म्यूजिक टीचर हैं, लेकिन गिटार बजाने की कला उन्होंने यूट्यूब के माध्यम से सीखी। उनके इस वीडियो ने सभी को हैरान कर दिया और वे सोशल मीडिया पर “गिटार वाली दुल्हनिया” के नाम से मशहूर हो गईं। तान्या ने गाना गाते हुए अपनी आवाज से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया, और उनकी आवाज की तारीफ देशभर में हो रही है।
तान्या की शादी आदित्य से हुई है, जो सहारनपुर में पावर कॉरपोरेशन में एसडीओ हैं। शादी के बाद घर में हुई मुंह दिखाई की रस्म के दौरान गिटार बजाते हुए गाना गाने के बाद तान्या का वीडियो रातों-रात वायरल हो गया। इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद तान्या ने भारत समाचार पर अपने दिल की बात शेयर की और गाना भी गाकर सुनाया। तान्या की सिंगिंग और गिटार बजाने की कला ने उन्हें सोशल मीडिया की स्टार बना दिया है।









