“हमें बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करना है”, पश्चिम बंगाल में CM योगी का बयान…

पश्चिम बंगाल के उदयनारायणपुर में CM योगी ने TMC सरकार पर हमला बोला और कहा कि बंगाल में मछली उत्पादन घट रहा है, नौजवान बेरोजगार हैं। उन्होंने बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने का आह्वान किया।

पश्चिम बंगाल के उदयनारायणपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार पर कड़ा हमला किया। सीएम योगी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की धरती हमेशा भारत के गौरव की माटी रही है, लेकिन अब यह राज्य अपनी पहचान के लिए मोहताज हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि आज बंगाल में नौजवान बेरोजगार हैं और किसानों का हाल भी बहुत खराब है।

बता दें, सीएम योगी ने आरोप लगाया कि TMC सरकार के शासन में बंगाल में आतंक और माफिया राज फैल चुका है। उन्होंने कहा कि TMC के गुंडों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है और बंगाल में आस्था के साथ खिलवाड़ हो रहा है। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि ममता दीदी दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक उत्सवों को भी रोकती हैं।

वहीं, योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि बंगाल कभी भारत का ग्रोथ इंजन था, जहां लाखों लोगों को रोजगार मिलता था, लेकिन TMC के शासन में उद्योगधंधे बंद हो गए और मछली उत्पादन में कमी आई हैं। उन्होंने राज्य के गौरव को पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता जताई और कहा कि यह डबल इंजन सरकार की ताकत है।

इसके अलावा, सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी जिक्र किया और कहा कि यूपी में अब उपद्रव नहीं, बल्कि उत्सव होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ‘नो कर्फ्यू नो दंगा सब चंगा है’, जो डबल इंजन सरकार की ताकत को दर्शाता है। सीएम योगी ने कहा TMC के गुंडों का जवाब कमल का फूल है और बंगाल की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं होने देंगे।

Related Articles

Back to top button