”हम बंटे थे, इसलिए कटे थे….अयोध्या में बोले सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान इतिहास, वर्तमान और हालिया राजनीतिक मुद्दों पर तीखे और स्पष्ट अंदाज में बयान दिए हैं। सीएम योगी ने कहा कि इतिहास केवल अतीत की बात नहीं है, बल्कि यह हमारे लिए एक सबक और प्रेरणा दोनों होता है। उन्होंने संभल के ऐतिहासिक संदर्भों का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 500 साल पहले वहां हरिहर मंदिर को तोड़ा गया था और उसकी जगह गुलामी का ढांचा खड़ा किया गया था।

बंटवारे के दर्द को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “हम बंटे थे, इसलिए कटे थे।” उन्होंने 14 अगस्त का जिक्र करते हुए कहा कि उस दिन देश के विभाजन के दौरान हिंदू-सिखों के साथ पूरा भारत कटा था। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज भी पड़ोसी देशों जैसे पाकिस्तान और बांग्लादेश में निर्दोष हिंदुओं को निशाना बनाया जा रहा है और उन पर अत्याचार किए जा रहे हैं। उन्होंने 14 अगस्त 1947 की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस की नीतियों पर भी निशाना साधा और कहा कि उन्हें हिंदुओं के हितों से कोई सरोकार नहीं था।

संभल में हालिया सर्वे के दौरान हुए उपद्रव का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि उस दौरान पुलिस और निर्दोष हिंदुओं को निशाना बनाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों (सपा सरकार) ने दंगाइयों के मुकदमे वापस लिए थे, जबकि संभल में हिंदुओं का नरसंहार किया गया था। सरकार ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल के लिए विशेष टीमों का गठन किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि जांच के दौरान संभल में प्राचीन तीर्थ-कूप मिले जिन्हें प्रशासन ने साफ करवाकर खाली कराया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में संभल में किसी भी प्रकार का दंगा या तनाव नहीं है, बल्कि वहां पूरी तरह से सौहार्द और शांति का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button