
Weather Update: फरवरी महीने की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। इस सप्ताह पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से देश के कई हिस्सों का मौसम प्रभावित होगा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और बिहार में मौसम में बदलाव होगा, जिससे ठंडक और सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। 2 फरवरी को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य रहेगा, जबकि 3 फरवरी को कई स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। सुबह और रात के समय कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है। 4 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
IBF DATED 01.02.2025 pic.twitter.com/webS8JOnKz
— मौसम केंद्र, लखनऊ – IMD Uttar-Pradesh (@CentreLucknow) February 1, 2025
मौसम विभाग ने इन जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है
देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, और बदायूं।
बिहार में मौसम का अपडेट
बिहार में भी 2 फरवरी को घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट विशेष रूप से निम्नलिखित जिलों के लिए है: मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सहरसा, कटिहार, मधेपुरा, पूर्णिया और किशनगंज। साथ ही, 5 से 6 फरवरी के बीच बिहार के कई हिस्सों में बादल छाने का अनुमान है। राज्य में ठंडक का असर 15 फरवरी तक बना रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश में भी फरवरी की शुरुआत के साथ मौसम बदलने लगा है। मौसम विभाग ने 2 से 6 फरवरी तक के लिए मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। 2 फरवरी को शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, मंदसौर, नीमच, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, देवास और आगर मालवा में बारिश हो सकती है। साथ ही, कुछ इलाकों में शीतलहर भी चलेगी। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर में ठंड बढ़ने के आसार हैं और तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।