
लखनऊ : उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भीषण गर्मी से जूझ रही जनता के लिए राहत की खबर आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 50 जिलों में आंधी और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटे बेहद संवेदनशील हो सकते हैं।
ब्रेकिंग न्यूज़| उत्तर प्रदेश के 50 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट
— भारत समाचार | Bharat Samachar (@bstvlive) May 12, 2025
मौसम विभाग का तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट
40 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
24 घंटे में 15 से अधिक जिलों में तापमान 40°C पार
आने वाले 3-4 दिनों में 5-6 डिग्री की गिरावट संभव
लोगों को सतर्क… pic.twitter.com/fBTeBDisPF
तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि कई जिलों में हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। राजधानी लखनऊ समेत कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, झांसी, बरेली और गोरखपुर जैसे जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है।
गौरतलब है कि बीते 24 घंटों में प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। कुछ क्षेत्रों में लू जैसी स्थिति भी बनी हुई है। लेकिन मौसम विभाग का मानना है कि आने वाले 3 से 4 दिनों में तापमान में 5 से 6 डिग्री तक गिरावट संभव है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में वे सुरक्षित स्थान पर रहें, खुले में न निकलें और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए सतर्कता बरतें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी फसल और कृषि उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर रखें।









