
पश्चिम बंगाल: चुनाव आयोग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मतगणना के दौरान राजनीतिक तस्वीर तेजी से बदलती नजर आ रही है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने बढ़त बनाते हुए 186 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 88 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।
बता दें, आंकड़ों के मुताबिक बीजेपी ने अब तक 11 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, वहीं टीएमसी को 2 सीटों पर सफलता मिली है। कई प्रमुख सीटों पर विजयी उम्मीदवारों की भी आधिकारिक घोषणा की जा चुकी है।
भगवानगोला सीट से टीएमसी के रियात हुसैन सरकार ने जीत हासिल की है। वहीं मोंटेश्वर सीट से बीजेपी के सैकत पंजा विजयी रहे हैं। भातर सीट से बीजेपी के कार्फा सौमेन ने जीत दर्ज की है।
वहीं, आसनसोल दक्षिण सीट पर अग्निमित्र पॉल ने जीत हासिल कर पार्टी को महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई है। कालिम्पोंग सीट से भरत कुमार क्षेत्री और दार्जिलिंग सीट से नोमान राय ने बीजेपी के लिए जीत सुनिश्चित की है।
मेदिनीपुर सीट से शंकर कुमार गुच्छैत, जमुरिया से डॉ. बिजन मुखर्जी, बुड़वान से सुखेन कुमार बागड़ी और खरदाहा सीट से कल्याण चक्रवर्ती ने बीजेपी के खाते में जीत दर्ज की है।
बता दें, टीएमसी के खाते में मेटियाबुरुज सीट गई है, जहां अब्दुल खालिक ने जीत हासिल की है।
चुनाव आयोग के अनुसार मतगणना अभी जारी है और कई सीटों के अंतिम परिणाम आने बाकी हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले रुझानों से राज्य की सत्ता की तस्वीर और स्पष्ट होगी।









