दुनियाभर में ठप हुआ वॉट्सऐप, यूजर्स को लॉगिन और चैट सिंक में हो रही परेशानी

वॉट्सऐप की वेब सेवा में शुक्रवार सुबह तकनीकी खराबी आई, जिसके चलते भारत और दुनिया के कई हिस्सों में यूजर्स को लॉगिन और चैट सिंक से जुड़ी समस्याएं आईं। #WhatsAppDown ट्रेंड हुआ।

वॉट्सऐप की वेब सेवा शुक्रवार सुबह अचानक तकनीकी खराबी का शिकार हो गई, जिससे भारत सहित दुनियाभर के कई हिस्सों में यूजर्स को वॉट्सऐप को अपने कंप्यूटर या लैपटॉप पर एक्सेस करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर उन यूजर्स के लिए यह समस्या अधिक परेशानी का कारण बनी, जो ऑफिस के काम के लिए वॉट्सऐप के डेस्कटॉप वर्जन पर निर्भर रहते थे।

आउटेज ट्रैक करने वाली प्रमुख वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के अनुसार, यह गड़बड़ी सुबह करीब 8:54 बजे से शुरू हुई और फिर 9:00 बजे के आसपास शिकायतों में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई। सर्वर से जुड़ने में परेशानी विशेष रूप से भारत के प्रमुख शहरों में सामने आई।

यूजर्स ने दो मुख्य समस्याओं की शिकायत की। पहली, क्यूआर कोड स्कैन करने पर लॉगिन डिवाइस लिंक नहीं हो पा रहा था। दूसरी समस्या चैट सिंक से जुड़ी थी, जिसमें लॉगिन होने के बाद भी पुरानी चैट लोड नहीं हो रही थी या मैसेज भेजने और रिसीव करने में देरी हो रही थी।

जैसे ही वॉट्सऐप में दिक्कतें आईं, माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर #WhatsAppDown ट्रेंड करने लगा। कई परेशान यूजर्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, “क्या वॉट्सऐप सबके लिए डाउन है? मैं पिछले एक घंटे से अपने आईफोन को डेस्कटॉप से लिंक करने की कोशिश कर रहा हूं, लेकिन लॉगिन नहीं हो रहा।” कई अन्य यूजर्स ने स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए बताया कि वेब वर्जन ‘कनेक्टिंग’ मोड पर अटका हुआ था।

वर्तमान में, वॉट्सऐप की टीम इस तकनीकी खराबी को हल करने में लगी हुई है, और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही सेवा सामान्य हो जाएगी।

Related Articles

Back to top button