
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि सन् 2024 के लोकसभा चुनावों में संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई ऐतिहासिक होगी। लोकतंत्र को बचाना क्रांति से कम नहीं है। यह अवसर भविष्य की बड़ी जिम्मेदारी का भी है। केन्द्र से भाजपा सरकार की विदाई उत्तर प्रदेश को सुनिश्चित करना है। इसलिए पूरी दमदारी से एकजुट होकर समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनाव में मतदान का 60 प्रतिशत से ज्यादा वोट हासिल करेगी.
घोसी की जनता ने सिर्फ़ एक विधायक नहीं, देश के नये भविष्य का रास्ता भी चुना है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 23, 2023
घोसी की जनता ने मतदाता नहीं बल्कि एक आंदोलनकारी की तरह वोट डालकर बता दिया है कि लोकतांत्रिक-क्रांति कैसे संभव है।
भाजपा को हराकर घोसी के लोगों ने ‘सर्वसमाज की एकता’ की नयी मिसाल दी है और नकारात्मक… pic.twitter.com/LUkSkEtHx4
अखिलेश यादव ने आज पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि घोसी उपचुनाव में कार्यकर्ताओं, नेताओं ने बड़ी जिम्मेदारी और पूरी ईमानदारी से भाजपा से ऐतिहासिक लड़ाई लड़कर चुनाव जीता है। आगामी लोकसभा चुनाव पीडीए- पिछड़ा, दलित, मुस्लिम अल्पसंख्यक सभी मिलकर जीत दिलाएंगे.
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में अन्याय की पराकाष्ठा है। भाजपा सत्ता का दुरूपयोग कर रही है। वह भ्रष्टाचार में सराबोर है। अस्पताल में इलाज नहीं है। डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। भाजपा ने एक भी जिला अस्पताल नहीं बनाया। भाजपा ने खुद तो कुछ किया नहीं समाजवादी सरकार के समय हुए विकास कार्यो को अपना बताने का काम कर रही है। भाजपा समाजवादी सरकार में बनी सभी जनहित की योजनाओं का बर्बाद कर रही है। किसानों के साथ न्याय नहीं हो रहा है। उनको फसल का लागत मूल्य नहीं मिल रहा है। छात्र-नौजवानों के सपनों को भाजपा सरकार ने तोड़ा है.
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने घोसी में प्रशासन ने बहुत दबाव बनाया था। नेताओं को रेड कार्ड दिए, मुस्लिम भाइयों को मतदान से रोकने को तमाम तरह से दबाव बनाया, उसके बाद भी घोसी की जनता ने समाजवादी पार्टी को ऐतिहासिक मतों से जिताया। उन्होंने कहा कि घोसी विधानसभा उपचुनाव की जीत की घोषणा का संदेश बहुत बड़ा है। घोसी की जीत ने नया रास्ता दिखाया है। कार्यकर्ता और नेता अपना चुनाव समझकर आंदोलनकारी बनाकर सरकार के खिलाफ एक हो जाए तो जीत भी मिलेगी और संदेश भी बड़ा जाएगा.
इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव ने एक सवाल के जवाब में कहा कि समाजवादी पार्टी गठबंधन में सीट मांग नहीं रही है, सीट दे रही है। गठबंधन के सभी सहयोगी दलों से मिलकर सीटों पर बात हो जाएगी। हमने पहले भी गठबंधन किए थे और समाजवादी पार्टी ने त्याग किया था, इस बार लड़ाई बड़ी है। समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर चलेगी.
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी कई सीटों पर मजबूत है, पार्टी के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं, अब गठबंधन बन गया है तो गठबंधन के साथ बातचीत करके मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए फैसला करेंगे.
बसपा सांसद दानिश अली के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि दानिश अली गठबंधन में चुनाव जीते थे, वह समाजवादी पार्टी के भी हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सांसद रमेश विधूड़ी जैसे नेताओं पर हमेशा के लिए चुनाव न लड़ने का प्रतिबंध लग जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग चेहरे ही नहीं, जुबान से भी पहचाने जाते हैं। यह भाजपा के कोई पहले नेता नहीं है, अगर आंकड़ा निकाल कर देख लिया जाए तो भाजपा के कई नेताओं ने इसी तरह के बयान दिए हैं.









