कौन है वो तमिल सुपरस्टार जो थलपति विजय के बाद राजनीति में ले सकता हैं एंट्री, पढ़े पूरी खब़र…

मशहूर अभिनेता और कोरियोग्राफर राघव लॉरेंस ने तमिलनाडु की राजनीति में प्रवेश करने के स्पष्ट संकेत दिए हैं। चेन्नई में अपने आवास पर प्रशंसकों के साथ एक बड़ी बैठक के बाद लॉरेंस ने कहा कि वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक स्थितियां उन्हें सार्वजनिक जीवन में आने के लिए प्रेरित कर रही हैं और वे जल्द ही अपने राजनीतिक रोडमैप की औपचारिक घोषणा करेंगे।

दक्षिण भारतीय सिनेमा और विशेषकर तमिल फिल्म इंडस्ट्री के सबसे लोकप्रिय व चहेते कलाकारों में से एक, राघव लॉरेंस जल्द ही अपने जीवन की एक नई और बड़ी पारी की शुरुआत कर सकते हैं। अभिनेता, निर्देशक और मशहूर कोरियोग्राफर राघव लॉरेंस ने प्रत्यक्ष रूप से राजनीति में कदम रखने का मन बना लिया है। रविवार को चेन्नई के उथांडी स्थित अपने आवास पर उन्होंने राज्यभर से आए प्रशंसकों और समर्थकों के एक विशाल समूह के साथ बेहद अहम बैठक की, जिसके बाद उनके राजनीतिक सफर को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है।

इस विशेष बैठक के दौरान राघव लॉरेंस ने अपने फैंस से प्रपोज्ड पॉलिटिकल सफर पर खुलकर बात की और कोई भी बड़ा कदम उठाने से पहले उनकी राय और जमीनी फीडबैक को जाना। इकट्ठा हुए जनसमूह को संबोधित करते हुए लॉरेंस ने कहा, “मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों ने मुझे सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रूप से आने पर गंभीरता से विचार करने के लिए प्रेरित किया है। मेरा एकमात्र इरादा बिना किसी स्वार्थ या बदले की उम्मीद के लोगों की भलाई और सेवा के लिए काम करना है।”

TVK सरकार की तारीफ की, जल्द घोषित करेंगे राजनीतिक रोडमैप

मीटिंग के बाद मीडियाकर्मियों से मुखातिब होते हुए राघव लॉरेंस ने साफ किया कि आने वाले दिनों में वे अपने समर्थकों के साथ एक और महा-बैठक का आयोजन करेंगे, जिसमें वे अपने आधिकारिक राजनीतिक दल या रोडमैप की पूरी रूपरेखा साझा करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं जल्द ही अपने राजनीतिक सफर की औपचारिक घोषणा करूंगा। प्रशंसकों के साथ इस बारे में सभी जरूरी डिटेल्स साझा की जाएंगी।”

दिलचस्प बात यह है कि जब पत्रकारों ने उनसे सुपरस्टार विजय के नेतृत्व वाली मौजूदा ‘तमिलागा वेत्री कज़गम’ (TVK) सरकार के कामकाज पर सवाल पूछा, तो लॉरेंस ने उनके प्रशासन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि टीवीके सरकार बहुत अच्छे से काम कर रही है। लॉरेंस ने विशेष रूप से राज्य में TASMAC शराब की दुकानों को चरणबद्ध तरीके से बंद करने के फैसले का स्वागत किया और स्कूल शिक्षा विभाग के प्रयासों की भी तारीफ की।

बता दें कि राघव लॉरेंस तमिल सिनेमा के एक कल्ट आइकन हैं। एक बैकग्राउंड डांसर और कोरियोग्राफर के रूप में अपना करियर शुरू करने के बाद, उन्होंने ‘मुनि’ और ‘कंचना’ जैसी ब्लॉकबस्टर हॉरर-कॉमेडी फ्रैंचाइज़ी देकर खुद को एक सफल अभिनेता-निर्देशक के रूप में स्थापित किया। उन्होंने साल 2020 में अक्षय कुमार स्टारर फिल्म ‘लक्ष्मी’ से बॉलीवुड में भी अपना डायरेक्टोरियल डेब्यू किया था। अब सिनेमा में सफलता के बाद समाज सेवा के जरिए राजनीति में उनका यह कदम तमिलनाडु की सियासत को नया मोड़ दे सकता है।

Related Articles

Back to top button