
नई दिल्ली; वर्तमान सीबीआई प्रमुख सुबोध कुमार जायसवाल का कार्यकाल समाप्त हो रहा है. सीबीआई के अगले निदेशक के चयन की प्रक्रिया चल रही है. इसको लेकर कल शनिवार रात्रि में प्रधानमंत्री आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक बैठक में पीएम मोदी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी, सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला मौजूद रहे.
सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान समिति ने तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को सीबीआई निदेशक पद के लिए चुना है. चुने गए नामों को अब कैबिनेट की नियुक्ति समिति को भेज दिया गया है, जो पद के लिए उनमें से किसी एक का चयन करेगी. सूत्र के अनुसार बैठक के दौरान कर्नाटक, दिल्ली और मध्यप्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नामों पर चर्चा की गई.
सूत्र के मुताबिक, सीबीआई प्रमुख के पद के लिए 1986 बैच के आईपीएस अधिकारी कर्नाटक के डीजीपी प्रवीण सूद के नाम की चर्चा चल रही है. सूत्रों के अनुसार मध्यप्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुधीर सक्सेना व एजीएमयूटी कैडर के ताज हसन भी सीबीआई प्रमुख पद की दौड़ में हैं. वर्तमान सीबीआई प्रमुख सुबोध कुमार का कार्यकाल 25 मई को खत्म हो रहा है. वह महाराष्ट्र कैडर के 1985 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं.








