शादी के 15 साल बाद पत्नी की घिनौनी साजिश, प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या, इंश्योरेंस के पैसे के लिए रची हादसे की कहानी

पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात तेलंगाना के कामारेड्डी जिले से सामने आई है। यहां सदाशिवनगर मंडल के मारकल गांव में एक महिला ने अपने चार साल पुराने अवैध संबंधों और पति के इंश्योरेंस का पैसा हड़पने के लिए अपने ही सुहाग की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने इस खौफनाक हत्याकांड को एक सामान्य सड़क हादसे का रूप देने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने इस पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।

क्या थी झूठी एक्सीडेंट की कहानी?
बीते 22 मई को कांचरला रेणुका नाम की महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति कांचरला राजायाह (45) की रात में अपने खेत जाते समय सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। महिला का दावा था कि अचानक सड़क पर एक जानवर के आ जाने से राजायाह की बाइक अनियंत्रित हो गई और सिर में चोट लगने से उन्होंने दम तोड़ दिया। शुरुआती तौर पर पुलिस ने इसे हादसा माना, लेकिन जब शव का पोस्टमार्टम हुआ तो डॉक्टरों ने पाया कि चोटें किसी एक्सीडेंट की नहीं, बल्कि भारी वस्तु से किए गए हमले की हैं।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
डीएसपी श्रीनिवास राव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जब दुर्घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन और तकनीकी डेटा खंगाला, तो कड़ियां रेणुका के प्रेमी गंगाशेखर (37) से जाकर जुड़ीं। पुलिस ने जब गंगाशेखर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

शराब पिलाई, फिर लोहे की रॉड से उतारा मौत के घाट
पूछताछ में सामने आया कि 21 मई की रात गंगाशेखर ने पहले राजायाह को गंधारी इलाके में ले जाकर जमकर शराब पिलाई। इसके बाद तिरमानपल्ली गांव के बाहरी इलाके में सुनसान जगह देखकर लोहे की रॉड से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे राजायाह की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने लाश और बाइक को वहीं छोड़ दिया ताकि यह सड़क हादसा लगे। दोनों का मानना था कि राजायाह के रास्ते से हटने के बाद उनका रिश्ता भी सुरक्षित हो जाएगा और बीमा की मोटी रकम भी उनके हाथ लग जाएगी। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल रॉड और बाइक बरामद कर आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button