
एशिया कप–WRT स्टेज 2 (इराक) के लिए आयोजित जूनियर चयन ट्रायल्स का समापन हरियाणा के सोनीपत में हुआ। पांच दिनों तक चले मुकाबलों के बाद विजयी भारत फाउंडेशन (VBF) की तीरंदाज तेजल साल्वे ने भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली। उन्होंने महिला कंपाउंड वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वालीफाई किया।
महाराष्ट्र के जालना की रहने वाली तेजल साल्वे हाल ही में अहमदाबाद स्थित विजयी भारत फाउंडेशन से जुड़ी हैं। चयन ट्रायल्स में उन्होंने बेहतरीन तकनीकी सटीकता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
VBF के आर्चरी कोच जोंग वू पार्क ने तेजल की तारीफ करते हुए कहा कि उनका रूटीन बेहद अनुशासित है और दबाव की स्थिति में भी वह तेज और निर्णायक शॉट लगाने में सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि शुरुआती रॉबिन मैच में शीर्ष रैंकिंग खिलाड़ी के खिलाफ जीत ने तेजल का आत्मविश्वास बढ़ाया और इसके बाद उन्होंने लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
तेजल साल्वे पहले भी इतिहास रच चुकी हैं। जून 2025 में उन्होंने शन्मुखी नागा साई और तनिष्का नीलकुमार के साथ मिलकर U-21 वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा था। इस तिकड़ी ने 2,101 अंकों का संयुक्त स्कोर बनाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था।
एशिया कप में तेजल से एक बार फिर देश को पदक की उम्मीद है।









