
मशहूर रैपर और सिंगर यो यो हनी सिंह जल्द ही नवाबों के शहर लखनऊ में अपनी धूम मचाने वाले हैं। 22 नवंबर को हनी सिंह का एक शानदार प्रोग्राम लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के आशियाना स्थित स्मृति उपवन में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में लाखों की भीड़ उमड़ने की संभावना है, जिसे देखते हुए आयोजन स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
बीजेपी विधायक ने दी प्रतिक्रिया
हनी सिंह के इस प्रोग्राम को लेकर बीजेपी विधायक राजेश्वर सिंह ने कहा, “साहस, संघर्ष और एक अद्भुत वापसी। यो यो हनी सिंह ने दुनिया को यह दिखाया कि गिरना कभी असफलता नहीं होती, बल्कि फिर से उठ खड़ा होना ही असली शक्ति है।”
राजेश्वर सिंह ने आगे कहा, “हमारे युवाओं को सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा चाहिए, और यह प्रेरणा हमें यो यो हनी सिंह से मिलती है। उन्होंने यह सिखाया है कि गिरकर फिर से कैसे उठते हैं। अगर आप सात बार गिरते हैं, तो आठवीं बार आप कैसे उठ सकते हैं और इतिहास बना सकते हैं।”
हनी सिंह ईमानदार और मेहनती
बीजेपी विधायक ने यह भी कहा कि हनी सिंह की ईमानदारी, अनुशासन और कड़ी मेहनत ने उन्हें सफलता दिलाई है। “उनके हिट गानों के पीछे सालों की मेहनत और अनुशासन है। यही हार्ड वर्क और फोकस है, जिसके कारण वे फिर से विश्व में अपनी पहचान बना सके हैं।”
यो यो हनी सिंह का यह प्रोग्राम लखनऊ के युवाओं के लिए न केवल मनोरंजन बल्कि प्रेरणा का स्रोत बनेगा, क्योंकि हनी सिंह ने हमेशा यह संदेश दिया है कि कठिनाइयों का सामना करते हुए सफलता हासिल की जा सकती है।









