कल्याण सिंह की स्मृति में नया जिला बनाने की तैयारी, योगी सरकार ने शुरू की प्रक्रिया, जानिए क्या होगा नाम ?

उत्तर प्रदेश में एक और नया जिला बन सकता है। राज्य सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की स्मृति में ‘कल्याण सिंह नगर’ नाम से नया जिला बनाने की तैयारी कर रही है। यह जिला अलीगढ़ के अतरौली और गंगीरी क्षेत्रों के साथ बुलंदशहर के डिबाई इलाके को जोड़कर बनाया जा सकता है। योगी सरकार ने इस प्रस्ताव पर गंभीरता दिखाते हुए संबंधित जिलों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। यह कल्याण सिंह के बेटे और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह उर्फ राजू द्वारा उठाया गया था।

उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर प्रस्ताव दिया था कि अलीगढ़ और बुलंदशहर के कुछ हिस्सों को मिलाकर नया जिला ‘कल्याण सिंह नगर’ बनाया जाए। साथ ही, उन्होंने कल्याण सिंह के पैतृक गांव मढ़ौली (अतरौली) और गंगीरी को तहसील का दर्जा देने की भी मांग की है।

राजवीर सिंह ने अपनी मांग में यह लिखा कि कल्याण सिंह ने उत्तर प्रदेश और भारतीय जनता पार्टी के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। अतरौली उनकी कर्मभूमि रही है, और यहां कई विकास कार्य अधूरे रह गए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग है कि अगर नया जिला कल्याण सिंह के नाम पर बनेगा, तो यहां तेजी से विकास होगा। इसके साथ ही, प्रशासनिक कामकाज भी आसान होगा। वर्तमान में, अतरौली, गंगीरी और डिबाई इलाकों के लोग प्रशासनिक कामों के लिए अलीगढ़ या बुलंदशहर जाते हैं, जो काफी दूर है। नया जिला बनने से स्थानीय स्तर पर पुलिस, तहसील, अस्पताल और स्कूल जैसी सुविधाएं नजदीक उपलब्ध होंगी।

कल्याण सिंह का इन क्षेत्रों से गहरा नाता रहा है। वे अतरौली से कई बार विधायक चुने गए थे। इसलिए, इस जिले का नाम उनके नाम पर रखना भावनात्मक और राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

अब योगी सरकार ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लिया है। शासन ने अलीगढ़ और बुलंदशहर के जिलाधिकारियों से कहा है कि वे क्षेत्र की जनसंख्या, राजस्व, दूरी और सुविधाओं की पूरी रिपोर्ट तैयार करें। इसके अलावा, नए जिले की सीमाओं का नक्शा भी तैयार किया जाएगा। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की राय भी ली जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद, यह प्रस्ताव कैबिनेट में जाएगा, और यदि सब ठीक रहा, तो जल्द ही नया जिला बन सकता है। अलीगढ़ के डीएम संजीव रंजन ने कहा कि शासन की ओर से मांगी गई रिपोर्ट जल्द ही प्रस्तुत कर दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button