
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए ये बहुत ही अच्छी खबर है। राज्य में करीब 44 हजार 778 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव भेजा गया है। यह प्रस्ताव उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) को भेजा गया है। बता दें कि ग्रुप-सी की भर्तियों की जिम्मेदारी आयोग के पास ही है।
868 भर्तियों के प्रस्ताव
आयोग को अब तक विभिन्न विभागों से कुल 868 भर्तियों के प्रस्ताव मिल चुके हैं। इनमें 44,778 पद शामिल हैं। विभागों ने इन प्रस्तावों में आरक्षण नियम, योग्यता और अन्य शर्तों से जुड़ी जानकारी दी है।
हालांकि आयोग को कुछ प्रस्तावों में त्रुटियां मिलीं, जिन्हें संबंधित विभागों को वापस भेजकर सुधार के लिए कहा गया है। इनमें खासकर आरक्षण व्यवस्था, आयु सीमा और योग्यता स्पष्ट करने को लेकर बदलाव मांगे गए हैं।
लेखपाल के पदों पर सबसे ज्यादा नियुक्तियां
प्रस्तावित भर्तियों में सबसे अधिक पद लेखपाल के लिए हैं। 7,994 पद लेखपालों के लिए प्रस्तावित किए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न विभागों में भी बड़ी संख्या में भर्तियां होंगी।
- तकनीकी सेवा: 4,582 पद
- अधिशासी अधिकारी: 320 पद
- आबकारी सिपाही: 564 पद
- कंपाउंडर: 560 पद
- सहायक विकास अधिकारी: 545 पद
- सहायक बोरिंग तकनीशियन: 419 पद
- होम्योपैथिक फार्मासिस्ट: 397 पद
- बीजीसी तकनीशियन: 255 पद
- मत्स्य अधिकारी: 105 पद
पुलिस विभाग में भी हाल ही में भर्ती
यूपी में बीते महीने पुलिस विभाग में भी विभिन्न श्रेणियों के लिए 4 हजार से अधिक पदों पर आवेदन की प्रक्रिया की गई।









