
वाराणसी- उत्तर प्रदेश में लोकसभा 2024 के लिए आखिरी चरण में कुल 13 सीटो पर मतदान जारी हैं। प्रदेश के सबसे हॉट सीट वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार उम्मीदवार है, तो वही इंडिया गठबंधन से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उम्मीदवार बनाया गया है। वाराणसी में शनिवार की सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होने से पहले ही मतदान के लिए उत्साहित मतदाता बड़ी संख्या में मतदान केंद्र पहुंच गए।

मतदान शुरू होने के साथ ही मतदाता शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया में शामिल होकर अपने मत का प्रयोग कर रहे है। वही वाराणसी में उत्तर प्रदेश के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल अपने परिवार के सदस्यों के साथ ढोल -नगाड़े के साथ मतदान केंद्र पहुंचे। मतदाताओं से मतदान की अपील करते हुए मंत्री रविंद्र जायसवाल ने मतदान किया।

मतदान कर बीजेपी पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय ने किया कटाक्ष
वाराणसी से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी अजय राय भी अपने मत का प्रयोग आम मतदाता की तरफ कतार में खड़े होकर अपना नंबर आने के पश्चात मतदान किया। मतदान कर मीडिया से वार्ता करते हुए अजय राय ने वाराणसी लोकसभा सीट से जीत का दावा करते हुए बीजेपी पर जमकर कटाक्ष किया। अजय राय ने पीएम मोदी के साधना पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि पीएम मोदी खुद को गंगा मां का बेटा कहते है, तो उनको साधना कन्याकुमारी नही बल्कि गंगा किनारे बनारस में करना चाहिए। उसके साथ ही अजय राय ने कहा कि भारतीय राजनीति में पहले भी बनारस के लाल ने एक पीएम को हराया था, आज फिर जनता तय करेगी कि कौन हारेगा और कौन जीतेगा।

वाराणसी में सुबह 9 बजे तक हुआ 12.91 प्रतिशत मतदान
वाराणसी लोकसभा सीट पर सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। 2 घंटे में सुबह 9 बजे तक वाराणसी में 12.91 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया। वाराणसी लोकसभा सीट में जनपद के 5 विधानसभा शामिल है। सुबह 9 बजे तक वाराणसी लोकसभा में शामिल कैंट विधानसभा में 11.88 प्रतिशत मतदान, शहर उत्तरी विधानसभा में 13.02 प्रतिशत मतदान, शहर दक्षिणी विधानसभा में 12.03 प्रतिशत मतदान, रोहनिया में 13.28 प्रतिशत मतदान और सेवापुरी विधानसभा में 14.46 प्रतिशत मतदान हुआ है।

रिपोर्ट : नीरज कुमार जायसवाल









